नई दिल्ली। टेक कंपनी IBM ने अमेरिका में अपने कंसल्टिंग बिजनेस के ज्यादातर पदों के लिए H-1B वीजा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप बंद करने का फैसला किया है। इससे उन विदेशी कर्मचारियों पर असर पड़ सकता है, जो अमेरिका में नौकरी करने के लिए कंपनी की वीजा स्पॉन्सरशिप पर निर्भर हैं।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रभावित कर्मचारियों को साल के अंत तक दो विकल्प दिए गए हैं। वे अमेरिका से बाहर रहकर IBM के लिए काम जारी रख सकते हैं या फिर कंपनी छोड़ सकते हैं।
ट्रम्प प्रशासन की सख्ती के बीच फैसला
IBM का यह कदम ऐसे समय आया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का प्रशासन कानूनी इमिग्रेशन और कंपनियों की ओर से स्पॉन्सर किए जाने वाले वीजा की जांच बढ़ा रहा है। ऐसे में विदेशी कर्मचारियों के लिए अमेरिका में नौकरी और स्थायी रूप से रहने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
H-1B और PERM प्रक्रिया पर पड़ेगा असर
कंपनी का फैसला H-1B वीजा प्रोग्राम और PERM प्रक्रिया के तहत आने वाले आवेदनों पर लागू होगा। H-1B वीजा के जरिए अमेरिकी कंपनियां विशेष कौशल वाले विदेशी कर्मचारियों को नौकरी पर रख सकती हैं।
वहीं, PERM रोजगार आधारित ग्रीन कार्ड हासिल करने की प्रक्रिया का शुरुआती चरण है। इसे लेबर सर्टिफिकेशन भी कहा जाता है। इसके तहत कंपनी को यह साबित करना होता है कि संबंधित पद के लिए योग्य अमेरिकी कर्मचारी उपलब्ध नहीं हैं और विदेशी कर्मचारी को नियुक्त करने से अमेरिकी कर्मचारियों के रोजगार और वेतन पर प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा।
मौजूदा H-1B कर्मचारियों के भविष्य पर सवाल
IBM की ओर से ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप बंद किए जाने के बाद उन मौजूदा H-1B कर्मचारियों की स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, जो कंपनी की मदद से ग्रीन कार्ड पाने की प्रक्रिया में शामिल होना चाहते थे।
हालांकि, कंपनी के इस फैसले के बाद ऐसे कर्मचारियों के भविष्य और उनकी मौजूदा इमिग्रेशन प्रक्रिया पर पड़ने वाले असर को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।









