- स्पेस नीडल के पास हुई घटना से मचा हड़कंप
- बच्चे समेत पांच घायलों का अस्पताल में इलाज
- पुलिस ने जांच शुरू की, संदिग्ध पर स्थिति साफ नहीं
सिएटल। अमेरिका के सिएटल शहर में आयोजित ‘बाइट ऑफ सिएटल’ फूड फेस्टिवल के दौरान रविवार शाम हुई गोलीबारी में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे समेत 5 लोग घायल हो गए। घटना फेस्टिवल के अंतिम घंटों में स्पेस नीडल के पास हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
शाम 6 बजे के करीब हुई फायरिंग
सिएटल फायर डिपार्टमेंट की प्रवक्ता ग्रेस नुनेज के अनुसार, फायरिंग रविवार शाम करीब 6 बजे हुई। घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी और लोगों से घटनास्थल के आसपास नहीं जाने की अपील की।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई आपबीती
फेस्टिवल में मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि वह फूड स्टॉल से खाना लेकर लौट रहा था, तभी अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
बच्चे समेत पांच लोग घायल
फायरिंग में घायल सभी लोगों को हार्बरव्यू मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया। घायलों में 56 वर्षीय महिला की हालत गंभीर बताई गई है। वहीं 2 साल का बच्चा, 23 वर्षीय युवक और 39 वर्षीय महिला की स्थिति स्थिर है। 40 वर्षीय एक महिला को मामूली चोटें आई हैं।
संदिग्ध पर अभी नहीं हुई पुष्टि
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किसी संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है या नहीं।









