लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में सोमवार को ABVP से जुड़े छात्रों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों ने ‘सपाई कुलपति इस्तीफा दो’ के नारे भी लगाए। हंगामे की स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया।
सिक्योरिटी ने बंद किया चैनल गेट
प्रदर्शन को देखते हुए चीफ प्रॉक्टर समेत प्रॉक्टोरियल बोर्ड के कई सदस्य मौके पर पहुंच गए। छात्रों को प्रशासनिक भवन के भीतर जाने से रोकने के लिए सिक्योरिटी गार्ड्स ने चैनल गेट बंद कर दिया। हालांकि, प्रदर्शनकारी छात्र नारेबाजी करते हुए प्रशासनिक भवन परिसर में दाखिल हो गए। इसके बाद भी छात्रों का प्रदर्शन और नारेबाजी जारी रही।
चीफ प्रॉक्टर से हुई तीखी नोकझोंक
प्रदर्शन के दौरान छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच माहौल तनावपूर्ण रहा। छात्रों की चीफ प्रॉक्टर से तीखी नोकझोंक भी हुई। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्रों को समझाने और स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। वहीं, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
हॉस्टल की सुविधाओं को लेकर छात्रों की शिकायत
प्रदर्शनकारी छात्रों ने हॉस्टल में मेस और पानी की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल में मूलभूत सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं और मेस तथा पानी से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों ने कहा कि सुविधाओं में सुधार की जरूरत है।
यह भी पढे़ :https://www.tamsasanket.com/bonded-doctors-protest-lucknow/
फीस बढ़ाने पर छात्रों ने उठाए सवाल
छात्रों का कहना है कि एक ओर हॉस्टल की सुविधाएं अपेक्षा के मुताबिक नहीं हैं, वहीं दूसरी ओर हॉस्टल फीस लगातार बढ़ाई जा रही है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से हॉस्टल की व्यवस्थाओं में सुधार करने और छात्रों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर उचित कदम उठाने की मांग की।









