तेहरान। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अपनी नई अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी का वीडियो जारी किया है। इसमें जमीन के नीचे बनी सुरंगों और सैन्य ठिकानों में बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलें रखी दिखाई दे रही हैं। इनके साथ मिसाइल लॉन्च करने वाले सिस्टम भी नजर आ रहे हैं।
IRGC से जुड़ी न्यूज एजेंसी तस्नीम ने मंगलवार को इस मिसाइल सिटी की तस्वीरें जारी कीं। हालांकि, ईरान ने यह जानकारी नहीं दी कि यह ठिकाना किस स्थान पर है, इसमें कितनी मिसाइलें रखी गई हैं और उनके कौन-कौन से प्रकार मौजूद हैं।
हवाई हमलों से बचाने के लिए जमीन के नीचे ठिकाने
गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के करीब 90% मिसाइल ठिकाने और सुरंगों में बने हथियारों के भंडार अब भी सक्रिय हैं। हवाई हमलों के बावजूद इनके काम करते रहने का दावा किया गया है।
ईरान जमीन के नीचे मिसाइलों के निर्माण और भंडारण की व्यवस्था विकसित कर रहा है। इसका उद्देश्य अपने हथियारों और सैन्य संसाधनों को हवाई हमलों से सुरक्षित रखना है। इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर सैन्य ठिकाने बनाए जा रहे हैं, जिन्हें जमीन के नीचे सुरंगों में छिपाया गया है।
अमेरिका को सैन्य क्षमता का संदेश देने की कोशिश
ईरान ने यह वीडियो ऐसे समय जारी किया है, जब अमेरिका की ओर से उस पर प्रतिबंध जारी हैं और उसकी नौसैनिक नाकेबंदी भी की जा रही है।
गल्फ न्यूज के मुताबिक, मिसाइल सिटी का वीडियो जारी कर ईरान यह संदेश देना चाहता है कि हमलों के बावजूद उसकी सैन्य क्षमताएं बरकरार हैं। हालांकि, जारी वीडियो से मिसाइलों की वास्तविक संख्या और ठिकाने की स्थिति की स्वतंत्र पुष्टि नहीं होती।









