लेबनान में हिजबुल्लाह की 2 किमी लंबी सुरंग तबाह

धमाके से भूकंप जैसे झटके

  • इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान में सुरंग को विस्फोट से किया तबाह
  • धमाके के बाद 4.1 तीव्रता के भूकंप जैसे झटके महसूस किए गए
  • सुरंग से रॉकेट, मिसाइल, ड्रोन और बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिलने का दावा

बेरूत। इजराइल ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलोमीटर से ज्यादा लंबी सुरंग को विस्फोट कर तबाह कर दिया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाकों में जमीन हिलने लगी और लोगों को 4.1 तीव्रता वाले भूकंप जैसे झटके महसूस हुए।

लेबनान की सरकारी न्यूज एजेंसी के मुताबिक, विस्फोट के बाद आसपास के क्षेत्रों में कंपन महसूस किया गया। कार्रवाई के बाद इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, ‘मिशन पूरा हुआ। हैप्पी न्यू ईयर।’

सुरंग में हथियारों का बड़ा जखीरा होने का दावा

इजराइली सेना के मुताबिक, सुरंग के अंदर ईरान में बने कई रॉकेट, मिसाइल और ड्रोन रखे हुए थे। इसके अलावा मशीनगन, एंटी-टैंक मिसाइल और सैकड़ों बारूदी सुरंगें व दूसरे विस्फोटक भी मिले।

सेना ने दावा किया कि यह पूरा परिसर हिजबुल्लाह की ‘बद्र’ यूनिट के लिए बेहद अहम था। यहां यूनिट का कमांड सेंटर भी मौजूद था।

IDF ने जारी किया सुरंग का फुटेज

इजराइली सेना यानी IDF ने अली अल-ताहेर पहाड़ी के नीचे बने हिजबुल्लाह के टनल नेटवर्क का फुटेज भी जारी किया है। वीडियो में इजराइली सैनिक सुरंगों के भीतर तलाशी लेते नजर आ रहे हैं।

IDF के अनुसार, जून में हुए सीजफायर के बाद से करीब 50 हिजबुल्लाह लड़ाके इस इलाके में छिपे हुए थे। सुरंग नेटवर्क को कब्जे में लेने की कार्रवाई के दौरान कई लड़ाकों के मारे जाने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button