17 नवंबर से शुरू होंगी परिषदीय स्कूलों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं, 41,832 छात्र होंगे शामिल

1583 विद्यालयों में पांच दिन चलेगी परीक्षा, कक्षा एक की मौखिक तो कक्षा दो से आठ तक की होगी लिखित परीक्षा

अम्बेडकरनगर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का कार्यक्रम तय हो गया है। 17 नवंबर से शुरू होकर परीक्षाएं 21 नवंबर तक चलेंगी। इसमें जिले के 1583 परिषदीय विद्यालयों के करीब 41 हजार 832 छात्र शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।

दो पालियों में होगी परीक्षा, तय किया गया समय
अर्द्धवार्षिक परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक होगी। वहीं, दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक चलेगी। परीक्षा के दौरान छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विद्यालयों में बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

कक्षा के अनुसार परीक्षा का प्रारूप अलग
परीक्षा में कक्षा एक के विद्यार्थियों का मूल्यांकन मौखिक रूप से किया जाएगा। कक्षा दो से पांच तक के विद्यार्थियों की लिखित और मौखिक दोनों परीक्षाएं होंगी। वहीं, कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों की परीक्षा लिखित होगी। प्रत्येक विषय का प्रश्नपत्र 50 अंकों का होगा।

बहुविकल्पीय और लघुउत्तरीय प्रश्न पूछे जाएंगे
प्रश्नपत्र में बहुविकल्पीय, लघुउत्तरीय और अतिलघुउत्तरीय प्रश्न शामिल होंगे। परीक्षा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बीएसए कार्यालय ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों में जरूरी इंतजाम समय से पूरे कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बीएसए ने दिए व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
बीएसए डॉ. पूनम मिश्रा ने बताया कि अर्द्धवार्षिक परीक्षा को लेकर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस संबंध में जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button