दिसंबर और जनवरी में कोहरे का असर बढ़ने पर रेलखंड की निगरानी और सख्त रहेगी। कई बार दृश्यता 10 मीटर से भी कम हो जाती है। ऐसे में ट्रेन चालकों को सिग्नल देखने में परेशानी होती है। इसी को देखते हुए रेलवे ने ट्रैक की नियमित जांच और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का फैसला किया है।
टॉर्च, वॉकी-टॉकी और झंडियों से लैस होंगी टीमें
पेट्रोलिंग टीम में ट्रैकमैन, कीमैन और सुरक्षा कर्मी शामिल होंगे। सभी कर्मचारियों को टॉर्च, वॉकी-टॉकी और लाल-हरी झंडी सहित जरूरी सुरक्षा उपकरण दिए जाएंगे। गश्त के दौरान रेल पटरियों में दरार, टूटे स्लीपर, खुले जॉइंट, सिग्नल की खराबी और ट्रैक पर मौजूद अवरोधों की जांच की जाएगी।
ठंड में पटरियों में दरार का खतरा, संवेदनशील हिस्सों पर नजर
तापमान गिरने के साथ रेल पटरियों में सिकुड़न आ सकती है। इससे पटरियों में दरार पड़ने और जॉइंट खुलने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए रेलवे ने संवेदनशील रेलखंडों पर विशेष निगरानी की तैयारी की है।
दर्शन नगर, बिलहरघाट, अलनाभारी, गोसाईंगंज, कटेहरी, अकबरपुर, जाफरगंज, मालीपुर, तुलसी नगर, बिलवाई, शाहगंज, खेतासराय, मानेकन, मिहरावां, महगवां, जौनपुर और जाफराबाद के बीच विशेष सतर्कता बरती जाएगी।









