बलिया में भीषण सड़क हादसा, कार सवार चार दोस्तों की मौत

100 की रफ्तार में पेड़ से टकराई कार, पांच बार पलटकर 20 मीटर दूर गड्ढे में गिरी; एयरबैग खुलने के बाद भी नहीं बची जान

बलिया। जिले में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार चार दोस्तों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई और इसके बाद पांच बार पलटते हुए करीब 20 मीटर दूर गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों युवक अंदर ही फंस गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कार का दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

100 की रफ्तार में पेड़ से टकराई कार

हादसा जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर नगरा थाना क्षेत्र में शनिवार रात लगभग साढ़े नौ बजे हुआ। बताया जा रहा है कि कार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही थी। इसी दौरान वह सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद कार कई बार पलटी और करीब 20 मीटर दूर गड्ढे में जा गिरी।

एयरबैग खुलने के बाद भी नहीं बची जान

हादसे के बाद कार में सवार चारों युवक अंदर ही फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों की मदद से कार का दरवाजा तोड़कर सभी को बाहर निकाला गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के एयरबैग खुलने के बावजूद चारों युवकों की जान नहीं बच सकी।

छह महीने पहले हुई थी अभिषेक की शादी

मृतकों की पहचान अभिषेक पटेल (29), कुणाल पासवान (22), गोलू ठाकुर (23) और धनंजय (26) के रूप में हुई है। चारों दोस्त बाजार से घर लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम छा गया।

अभिषेक पटेल उत्तराखंड स्थित आईआईएम में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात थे। उनकी शादी करीब छह महीने पहले ही हुई थी। उनके परिवार के लिए यह हादसा बड़ा सदमा बनकर आया है।

कोई कर रहा था सरकारी नौकरी की तैयारी, तो कोई सेना में भर्ती की

कुणाल पासवान ने आईटीआई की पढ़ाई पूरी कर ली थी और रेलवे भर्ती की तैयारी कर रहा था। धनंजय निजी शिक्षक था और सरकारी शिक्षक भर्ती की तैयारी में जुटा था। वहीं, गोलू ठाकुर सेना और पुलिस में भर्ती होने का सपना देख रहा था। चारों युवकों की मौत से परिवारों के साथ उनके परिचितों और क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button