ध्रुव हत्याकांड में 20 घंटे तक नहीं हुआ अंतिम संस्कार

गिरफ्तारी के भरोसे पर शांत हुआ आक्रोश

नगपुर में शव घर के सामने रखकर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे परिजन, एएसपी के पहुंचने के बाद बनी सहमति

अंबेडकरनगर। जलालपुर   नगपुर में युवक ध्रुव गुप्ता की हत्या के बाद सोमवार से मंगलवार तक करीब 20 घंटे तक अंतिम संस्कार नहीं हो सका। आरोपियों की गिरफ्तारी समेत अन्य मांगों को लेकर परिजन और ग्रामीण शव को घर के सामने रखकर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। मंगलवार दोपहर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी डॉ. तेजवीर सिंह के मौके पर पहुंचने और कार्रवाई का भरोसा देने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।

पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा शव, तिराहे पर लगाया जाम

रविवार देर रात नगपुर में ध्रुव गुप्ता के साथ तीन नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति ने मारपीट की थी। गंभीर चोट लगने के बाद ध्रुव की मौत हो गई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।

सोमवार शाम करीब पांच बजे पोस्टमार्टम के बाद शव नगपुर पहुंचा। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शव को नगपुर खास तिराहे पर रखकर सड़क जाम कर दी। मौके पर पुलिस पहुंची तो दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक कहासुनी हुई। बाद में पुलिस ने जाम समाप्त कराया।

घर के सामने शव रखकर गिरफ्तारी की मांग

जाम समाप्त होने के बाद परिजन शव को घर के सामने ले आए। इसके बाद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और अन्य मांगों को लेकर अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना था कि आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई होने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।

करीब 20 घंटे तक शव घर के सामने रहा। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button