कनाडा की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में गोल्डी बराड़ का नाम

लॉरेंस बिश्नोई का करीबी है गोल्डी बराड़, अमेरिका की FBI भी कर रही तलाश; भारत और अमेरिका के बाद कनाडा ने भी बढ़ाई कार्रवाई

नई दिल्ली। गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के खिलाफ कनाडा में बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कनाडा सरकार ने उसे अपनी मोस्ट वॉन्टेड सूची में शीर्ष स्थान पर रखा है। गोल्डी बराड़ को भारत की जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी माना जाता है। बताया जा रहा है कि वह वर्ष 2017 से कनाडा में रह रहा है, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दो अन्य भारतीय मूल के अपराधी भी सूची में शामिल

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गोल्डी बराड़ के अलावा दो अन्य अपराधियों को भी कनाडा की मोस्ट वॉन्टेड सूची में शामिल किया गया है। इनकी पहचान पेडराम राबी और मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों भारतीय मूल के बताए जा रहे हैं। पुलिस को इनकी तलाश गोलीबारी और हत्या की कोशिश जैसे गंभीर अपराधों के मामलों में है।

वहीं, कनाडाई पुलिस को गोल्डी बराड़ की वर्ष 2023 में विनिपेग में हुई 39 वर्षीय सुखदूल सिंह गिल की हत्या के मामले में तलाश है।

कनाडा में 2.5 लाख डॉलर का इनाम

गोल्डी बराड़ को मोस्ट वॉन्टेड घोषित किए जाने की जानकारी BOLO प्रोग्राम के तहत सामने आई है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को वांछित अपराधियों के बारे में जानकारी देना और उनकी गिरफ्तारी में मदद लेना है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कनाडा में गोल्डी बराड़ पर 2.5 लाख कनाडाई डॉलर का इनाम घोषित किया गया है। भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत करीब 1.63 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इससे पहले भारत में भी उस पर 10 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की जा चुकी है।

अमेरिका ने भी घोषित किया था 10 लाख डॉलर का इनाम

गोल्डी बराड़ की तलाश केवल कनाडा और भारत तक सीमित नहीं है। अमेरिका ने भी सितंबर में उस पर 10 लाख डॉलर का इनाम घोषित किया था। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने उसे अपनी 10 मोस्ट वॉन्टेड अपराधियों की सूची में शामिल किया है।

FBI की सूची में शामिल होने वाला 543वां व्यक्ति

FBI के मुताबिक, 32 वर्षीय गोल्डी बराड़ इस सूची में शामिल होने वाला 543वां व्यक्ति है। इस सूची की शुरुआत वर्ष 1950 में की गई थी। अमेरिकी एजेंसी को उसकी तलाश अपराध की साजिश रचने, जबरन वसूली के जरिए व्यापार में बाधा डालने की साजिश और तस्करी से जुड़े आरोपों में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button