- कंडाघाट में सबसे ज्यादा 106.4 मिमी बारिश
- 28 से 31 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट जारी
- फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा बढ़ा
- पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह
शिमला। हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार रात से सोमवार सुबह तक अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 106.4 मिमी बारिश सोलन जिले के कंडाघाट में हुई। इसके अलावा बिलासपुर के काहू में 40.2 मिमी, जोगेंद्रनगर में 31.0 मिमी और शिमला में 16.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सोमवार सुबह राज्य के अधिकांश इलाकों में हल्के बादल छाए रहे।
आज चार जिलों में यलो अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार के लिए बिलासपुर, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में फिलहाल कोई चेतावनी नहीं दी गई है।
28 जुलाई से और बिगड़ेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 28 जुलाई से पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय होने से बारिश का दौर तेज होगा। 28 से 31 जुलाई के बीच प्रदेश के कई इलाकों में बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा
आईएमडी ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और पहाड़ी ढलानों से दूर रहने की सलाह दी है। निचले और मैदानी इलाकों में फ्लैश फ्लड का भी खतरा जताया गया है।
2 अगस्त तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
28 जुलाई को बिलासपुर और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इसके बाद 29, 30 और 31 जुलाई को भी प्रदेश के अलग-अलग जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 2 अगस्त तक रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है।









