पीएम किसान निधि की किस्त से पहले खुली ‘डबल लाभ’ की परत

8200 किसान चिह्नित, अब एक किस्त की रकम लौटानी होगी; 22,527 की ई-केवाइसी अधूरी

अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी होने से पहले कृषि विभाग ने लाभार्थियों के सत्यापन की रफ्तार बढ़ा दी है। जांच में योजना का दोहरा लाभ लेने वाले 8200 किसान चिह्नित किए गए हैं। अब इन किसानों से एक किस्त की अतिरिक्त धनराशि वापस कराई जाएगी। इसके लिए विभाग की ओर से नोटिस जारी किए जाएंगे।

सत्यापन के दौरान ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें एक ही किसान ने बैंक खाते और खतौनी के विवरण के आधार पर योजना का दोहरा लाभ लिया। कुछ मामलों में पति-पत्नी दोनों के नाम लाभार्थी के रूप में सामने आए हैं। विभाग अब ऐसे सभी मामलों का सत्यापन कर रहा है।

एक खाते में दो बार लाभ, अब होगी रकम की वापसी
कृषि विभाग की जांच में दोहरे लाभ के मामले सामने आने के बाद संबंधित किसानों को नोटिस देने की तैयारी है। नोटिस के जरिए अतिरिक्त मिली एक किस्त की धनराशि वापस जमा करने के लिए कहा जाएगा। राशि वापस नहीं करने पर संबंधित किसान की किस्त रोकी जा सकती है।

4.04 लाख पंजीकृत किसान, 3.80 लाख पर नजर
जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत पंजीकृत किसानों की संख्या बढ़कर 4,03,988 हो गई है। इन सभी किसानों का विवरण कृषि विभाग के पोर्टल पर दर्ज है। नवंबर के पहले सप्ताह में प्रस्तावित 24वीं किस्त के लिए करीब 3.80 लाख किसानों के पात्र होने की बात विभाग ने बताई है।

हालांकि, किस्त जारी होने से पहले सत्यापन अभी पूरा नहीं हुआ है। पात्रता सूची तैयार करने के दौरान किसानों की ई-केवाइसी और अन्य जरूरी सत्यापन की स्थिति देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button