लखनऊ। लखनऊ में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज चौराहे पर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन दिल्ली में सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में किया गया। दिल्ली में INDIA ब्लॉक के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे, इसी दौरान पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में लिया।
हजरतगंज में भाजपा और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी
लखनऊ में प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं और इसी के विरोध में आंदोलन किया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होता, तब तक उनका संघर्ष सड़क से सदन तक जारी रहेगा।
मोहम्मद अजीम इरम ने लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन कर रहे मोहम्मद अजीम इरम ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र की हत्या की है। उन्होंने दावा किया कि करोड़ों वोटों की चोरी कर अलग-अलग राज्यों और केंद्र में भाजपा की सरकार बनवाने में मदद की गई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और उनके इशारे पर पूरा चुनाव आयोग भाजपा के लिए काम कर रहा है। ये आरोप प्रदर्शनकारियों की ओर से लगाए गए हैं; इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/gomti-water-level-lucknow-hanuman-temple/









