नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले विस्तार की तैयारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) वर्ष 2028 से लीग में दो नई फ्रेंचाइजी शामिल करने पर विचार कर रहा है। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो IPL में टीमों की संख्या मौजूदा 10 से बढ़कर 12 हो जाएगी।
नई फ्रेंचाइजी के लिए पुणे और वडोदरा को संभावित शहरों की दौड़ में सबसे आगे बताया जा रहा है। हालांकि, अभी बातचीत शुरुआती चरण में है और शहरों को लेकर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। आगे चलकर संभावित शहरों की सूची में बदलाव भी हो सकता है।
2022 में शामिल हुई थीं लखनऊ और गुजरात की टीमें
IPL में इससे पहले 2022 सीजन से दो नई फ्रेंचाइजी शामिल की गई थीं। लखनऊ सुपर जायंट्स को RPSG ग्रुप ने 940 मिलियन डॉलर में खरीदा था। वहीं, गुजरात टाइटंस का मालिकाना हक CVC कैपिटल पार्टनर्स ने 750 मिलियन डॉलर में हासिल किया था।
इन दोनों टीमों के शामिल होने के बाद IPL में फ्रेंचाइजी की संख्या आठ से बढ़कर 10 हो गई थी। अब एक बार फिर लीग के विस्तार की संभावना जताई जा रही है।
नई फ्रेंचाइजी की कीमत 8,900 करोड़ रुपये से ज्यादा होने का अनुमान
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नई टीम की कीमत एक बिलियन डॉलर यानी करीब 8,900 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। हाल ही में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की बिक्री 1.78 बिलियन डॉलर और राजस्थान रॉयल्स की बिक्री करीब 1.65 बिलियन डॉलर की वैल्यूएशन पर हुई है।
नई फ्रेंचाइजी में निवेश के लिए कई तरह के निवेशकों की दिलचस्पी बताई जा रही है। इनमें प्राइवेट इक्विटी फर्म, पश्चिम एशिया के सॉवरेन वेल्थ फंड, अमेरिकी फैमिली ऑफिस और भारतीय कारोबारी समूह शामिल हैं। रिपोर्ट में प्राइवेट इक्विटी फर्म परमिरा का नाम भी सामने आया है।
2028-2032 के मीडिया राइट्स से जुड़ा है विस्तार का प्रस्ताव
IPL में दो नई टीमों को शामिल करने की चर्चा अगले मीडिया राइट्स साइकल यानी 2028 से 2032 की अवधि से भी जुड़ी हुई है। मौजूदा 2023-2027 के मीडिया राइट्स 6.2 बिलियन डॉलर में बिके थे।
टीमों की संख्या बढ़ने से टूर्नामेंट में मैचों की संख्या भी बढ़ेगी। इससे ब्रॉडकास्टर्स को अधिक मुकाबले दिखाने का अवसर मिलेगा, लेकिन प्रसारण की लागत भी बढ़ सकती है। BCCI को इस फैसले से पहले खिलाड़ियों की उपलब्धता, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर और प्रसारण कंपनियों की दिलचस्पी जैसे पहलुओं पर विचार करना होगा।
पुणे में पहले भी खेल चुकी हैं IPL की टीमें
पुणे इससे पहले भी IPL की दो फ्रेंचाइजी का घरेलू मैदान रह चुका है। पुणे वॉरियर्स इंडिया ने 2011 से 2013 तक लीग में हिस्सा लिया था। इसके बाद 2016 और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने टूर्नामेंट में खेला।
राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने 2017 में फाइनल तक का सफर तय किया था। खिताबी मुकाबले में उसे मुंबई इंडियंस के हाथों महज एक रन से हार का सामना करना पड़ा था। अब अगर पुणे को एक बार फिर फ्रेंचाइजी मिलती है तो शहर में IPL की वापसी हो सकती है।









