ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (LoC) के आसपास अपनी ड्रोन रोधी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना ने LoC के सामने वाले इलाकों में 50 से ज्यादा विशेष एंटी-ड्रोन यूनिट तैनात की हैं। इनमें से 20 नई यूनिट नवंबर में तैनात की गईं। इनका मकसद भारतीय ड्रोन और लोइटरिंग म्यूनिशन की गतिविधियों पर नजर रखना और जरूरत पड़ने पर उन्हें निष्क्रिय करना है।
आसिम मुनीर की योजना में ड्रोन वॉरफेयर को प्राथमिकता
रिपोर्ट के अनुसार, सेना प्रमुख आसिम मुनीर की रणनीति में ड्रोन वॉरफेयर को रक्षा और हमले, दोनों की पहली पंक्ति में रखा गया है। पाकिस्तान अपनी सैन्य रणनीति में ड्रोन और उनसे निपटने वाली तकनीक को अहमियत दे रहा है।
पीओके के तीन सेक्टरों में तैनाती
रिपोर्ट में एंटी-ड्रोन यूनिट्स की तैनाती पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के रावलकोट, कोटली और भींबर सेक्टरों में बताई गई है। ये इलाके भारत के पुंछ, राजौरी, नौशेरा और सुंदरबनी सेक्टरों के सामने पड़ते हैं। इन यूनिट्स का काम ड्रोन की पहचान करना, उनकी गतिविधियों को ट्रैक करना और उन्हें जाम या निष्क्रिय करना है।
लोइटरिंग म्यूनिशन ऐसे मानवरहित हथियार होते हैं, जो किसी इलाके में कुछ समय तक उड़कर लक्ष्य की तलाश कर सकते हैं। लक्ष्य मिलने पर ये उस पर हमला करते हैं। इसी वजह से इनकी पहचान और निगरानी के लिए विशेष एंटी-ड्रोन सिस्टम का इस्तेमाल किया जाता है।









