PET के चलते तीन दिन भारी वाहनों की नो-एंट्री, बदले रहेंगे कई रूट

25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को सुबह सात से रात नौ बजे तक लागू रहेगा डायवर्जन; आजमगढ़, बसखारी, अयोध्या और टांडा की ओर जाने वाले वाहन चालक ध्यान दें

अंबेडकरनगर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को लेकर जिले में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। परीक्षा के मद्देनजर 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू होगा। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है।

परीक्षा तीनों तिथियों पर दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक निर्धारित है। परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात सुचारु रखने के लिए यातायात पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं।

आजमगढ़ और बसखारी से अयोध्या जाने वाले वाहन इस रास्ते से गुजरेंगे

आजमगढ़ और बसखारी की ओर से अयोध्या जाने वाले भारी वाहन न्यौतरिया बाईपास से गोहन्ना चौराहा, पहितीपुर और श्रवण क्षेत्र होते हुए अन्नावा के रास्ते जाएंगे। अयोध्या से आने वाले भारी वाहनों को भी इसी मार्ग से गुजरना होगा।

बस्ती और टांडा से अकबरपुर आने वाले भारी वाहनों को कटरिया याकूबपुर से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन बाईपास से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

अकबरपुर के कई प्रमुख रास्तों पर भी डायवर्जन

अकबरपुर में मालीपुर रोड बाईपास, जलालपुर रोड बाईपास, न्यौतरिया बाईपास, कटरिया याकूबपुर बाईपास, भिखारीपुर मोड़, फायर सर्विस, गोहन्ना चौराहा बाईपास और अन्नावा तिराहे पर भी यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। इन स्थानों से गुजरने वाले वाहन चालकों को निर्धारित मार्गों का पालन करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button