छठ महापर्व का तीसरा दिन आज, डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती

दिल्ली में 1400 घाटों पर तैयारियां, यमुना किनारे रूट डायवर्जन लागू; यूपी में 15 और 16 नवंबर को छुट्टी

नई दिल्ली। देशभर में लोक आस्था का महापर्व छठ आज रविवार को तीसरे दिन मनाया जा रहा है। शाम को व्रती पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे और परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना करेंगे। इसके बाद सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महाव्रत का समापन होगा।

दिल्ली में 1400 घाटों पर छठ की तैयारी

छठ पूजा को लेकर दिल्ली में करीब 1400 घाटों पर तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए रविवार दोपहर दो बजे से 16 नवंबर सुबह आठ बजे तक यमुना घाटों से सटे रास्तों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, छठ पर्व पर देश-विदेश से 50 लाख से ज्यादा लोग अपने घर लौटे हैं। दिल्ली सरकार ने छठ पूजा के अवसर पर 16 नवंबर को छुट्टी घोषित की है। वहीं, उत्तर प्रदेश में भी 15 और 16 नवंबर को छुट्टी रहेगी।

खरना के बाद शुरू होता है 36 घंटे का निर्जला व्रत

छठ पूजा चार दिनों तक चलने वाला कठिन व्रत है। दूसरे दिन को खरना कहा जाता है। इस दिन व्रती सुबह से शाम तक उपवास रखते हैं। सूर्यास्त के बाद पूजा की जाती है और पारंपरिक प्रसाद तैयार किया जाता है।

परंपरा के अनुसार, खरना पर गाय के दूध और गुड़ से खीर बनाई जाती है। इसके साथ रोटी और अन्य पारंपरिक पकवान भी तैयार किए जाते हैं। पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है।

सूप और टोकरी में सजता है छठ का प्रसाद

छठ पूजा में बांस की टोकरी और सूप का विशेष महत्व है। इनमें फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और अन्य पारंपरिक प्रसाद सजाए जाते हैं। ठेकुआ को छठ पूजा का प्रमुख प्रसाद माना जाता है।

रविवार शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद भी व्रती रातभर निर्जला उपवास जारी रखेंगे। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व संपन्न होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button